बलिया जेल में जलभराव: जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से हालात हुए बेकाबू, बन्दियों की भेजा जा रहा आजमगढ़ व अम्बेडकरनगर जेल

बन्दियों की बैरेको में पानी भरने से किसी अनहोनी की आंशका को देखते हुए बन्दियों को आसपास की अन्य जेलो में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। औपचारिक कार्यवाही के बाद बन्दियों को आजमगढ़ व अम्बेडकरनगर जेल में शिफ्ट किया जा रहा है।

लखनऊ। बलिया जेल के आसपास जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने की वजह से शुक्रवार को जेल के कई हिस्सों में भारी जलभराव हो गया। बारिश व शहर का पानी जेल के अंदर प्रवेश कर गया। इससे जेल प्रशासन व बन्दियों में हड़कम मच गया। बन्दियों को किसी अनहोनी से बचाने के लिए निकट की आजमगढ़ व अम्बेडकरनगर जेल में शिफ्ट किया जा रहा है। बन्दियों को अन्यत्र जेल भेजने की प्रक्रिया में जिला प्रशासन व शासन में देर रात तक मंथन चलता रहा।

बलिया जेल में भरा शहर व बरसात का पानी : मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को हुई जोरदार बारिश से बरसात व शहर का पानी बलिया जेल में घुस गया। जेल अधिकांश हिस्सों व बैरेको में जलभराव होने से बन्दियों में अफरा तफरी मच गई। जेल प्रशासन के अधिकारियों ने आनन फानन में इसकी सूचना जिला प्रशासन, जेल मुख्यालय व शासन को दी।

सूत्रों का कहना है कि बन्दियों की बैरेको में पानी भरने से किसी अनहोनी की आंशका को देखते हुए बन्दियों को आसपास की अन्य जेलो में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। औपचारिक कार्यवाही के बाद बन्दियों को आजमगढ़ व अम्बेडकरनगर जेल में शिफ्ट किया जा रहा है।

मालूम हो करीब साढ़े तीन सौ बन्दियों की क्षमता वाली बलिया जेल में वर्तमान समय मे करीब नौ सौ बन्दी निरुद्ध है। महिला व अस्पताल बैरेक समेत कुल एक दर्जन बैरेक में बन्दी निरुद्ध है। उधर डीजी जेल आनंद कुमार ने जेल में पानी भरने की बात स्वीकार करते हुए बताया कि बन्दियों को आजमगढ़ व अम्बेडकर नगर जेल में शिफ्ट किये जाने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया कि स्थित नियंत्रण में है।

राकेश यादव
स्वतंत्र पत्रकार
मोबाइल न -  7398265003