कानपुर में पुलिस ने मुख्य हत्यारोपी रानू को मुठभेड़ में पकड़ा, हत्याकांड के आरोपी के पैर में लगी गोली
कानपुर के एनकाउंटर में हत्या का आरोपी रानू गिरफ्तार, रानू ने 7 अगस्त को मुमताज की हत्या कर उसकी पत्नी को घायल किया था l पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम दिया गया।
कानपुर। साढ़ थाना क्षेत्र के देवसढ़ गांव में बीती सात अगस्त की रात को एक घर में घुसकर युवक की हत्या करने और पत्नी को अधमरा करने के मामले में पुलिस ने दूसरे व मुख्य आरोपित को भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।
कुंदौली मोड़ के पास हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसके पैरों में दो गोली मारीं। एक आरोपित पहले ही गिरफ्तार हो चुका है। मामले का राजफाश करने पर पुलिस टीम को 25 हजार रुपये इनाम दिया गया है।
देवसढ़ निवासी मुमताज के घर पर बीती सात अगस्त की रात उसका पारिवारिक भाई शोयल खान उर्फ रानू अपने साथी बिधनू थाना क्षेत्र के दलेलपुर गांव निवासी आशीष उर्फ काशी के साथ घुसा था। मुमताज की हत्या करके पत्नी शाहजहां को अधमरा कर दिया था।
दोनों ने घर में घुसने से पहले कैमरे मोड़ दिए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद घर से डीवीआर, पायल, मंगलसूत्र और बाइक लेकर भाग निकले थे। सोमवार भोरपहर पुलिस ने आशीष को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। उसने डीवीआर के साथ वारदात में शामिल दस्ताने, मास्क, पेपरकटर को रिंद नदी में फेंकने की बात बताई थी।
इसके बाद से मुख्य आरोपित रानू की तलाश की जा रही थी। पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह करीब तीन बजे सूचना मिली कि रानू क्षेत्र में घूम रहा है। इस पर आसपास की टीमों को सक्रिय किया गया। कुंदौली मोड़ के पास पुलिस टीम द्वारा चेकिंग की जा रही थी। तभी एक बाइक सवार को रोकने की कोशिश की गई। बाइक सवार ने पुलिस को देखते ही फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया। पता चला कि वह मुख्य आरोपित रानू है।
घटना के अनावरण में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य के लिए थाना टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जा रहा है। गिरफ्तार अभियुक्त रानू उर्फ सुहेल पर पहले से ही 25 हजार का इनाम घोषित था। अन्य आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।- दीपेंद्र नाथ चौधरी, डीसीपी साउथ


