प्रदेश की जेलों में कैदियों ने किया अमृत स्नान
कारागार मंत्री ने आदर्श कारागार में विधिवत किया शुभारंभ पूजा अर्चना और मंत्रोच्चार के बीच हुआ बंदियों का स्नान महिला बंदियों के लिए महिला बैरेक में की गई स्नान की व्यवस्था
लखनऊ। प्रदेश की समस्त जेलों बंद बंदियों को शुक्रवार को जेल के अंदर अमृत स्नान कराया गया। इस पुण्य स्नान का शुभारंभ प्रदेश के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने राजधानी के आदर्श कारागार में पूजा अर्चना और मंत्रोच्चार के बीच किया। इस मौके पर प्रमुख सचिव कारागार अनिल गर्ग, आईजी जेल पीवी रामाशास्त्री भी मौजूद रहे। शुभारंभ के बाद कारागार के कैदियों ने संगम से लाए गए पवित्र जल में स्नान किया।

उन्नाव जेल के बंदियों ने किया सर्वप्रथम संगम स्नान
उन्नाव जेल के बंदियों को सर्वप्रथम संगम के जल से स्नान को मौका मिला। इससे प्रेरणा लेकर प्रदेश की समस्त जेल के बंदियों को अमृत स्नान कराने की योजना तैयार की है। विभागीय अधिकारियों में यह चर्चा आम हो गई है। बताया गया कि बीती 17 फरवरी को उन्नाव जेल में अधीक्षक और जेलर के लाए गए संगम के पवित्र जल से बंदियों को संगम स्नान कराया गया। इस सामूहिक स्नान के बाद ही प्रदेश की जेलों में बंदियों को संगम स्नान कराए जाने का प्रारूप तैयार किया गया।
प्रदेश की जेलों में पिछले कई दिनों से अमृत स्नान की तैयारी की जा रही थी। स्टाफ को भेज कर प्रयागराज संगम तट से पवित्र जल मंगवाया गया था।स्नान के लिए जेलों के अंदर एक बड़ा कुंड तैयार किया गया था। उसमें जलापूर्ति की व्यवस्था की गई। संगम तट से मंगाए गए पावन जल को एक बड़े सजे हुए घड़े में पवित्र स्थल पर सुरक्षित किया गया था। जिसको पूर्ण विधि विधान के साथ कंधे पर उठाकर पुष्प वर्षा करते हुए बड़े कुंड के पास ले जाया गया तथा वहां दीपोत्सव के बाद मंत्रों चारण के साथ कुंड में प्रवाहित किया गया और वहां पहले से ही मौजूद सैकड़ो बंदी कपड़े उतार कर पवित्र स्नान करने के लिए तैयार खड़े थे सभी के द्वारा जय गंगा मां एवं जय भोलेनाथ आज के नारे लगाते हुए स्नान प्रारंभ किया बंदियों में पवित्र संगम जल में जेल में ही रहते हुए भी स्नान करने का सौभाग्य प्राप्त होने से उनमें खुशी उमंग और उत्साह देखने लायक था तथा सभी ने जेल प्रशासन का आभार प्रकट किया और दुआएं दी। जेल में रहते हुए भी 144 वर्ष बाद आए इस महायोग में संगम जल से स्नान करने का सौभाग्य मिला। इसके साथ ही महिला बैरक में महिला बंदियों को भी पवित्र संगम जल उपलब्ध कराया गया था। जिसमें सभी महिला बंदियों ने स्नान कर पुण्य प्राप्त किया। प्रदेश की जेलों में वर्तमान समय 90 हजार कैदी निरुद्ध है। इच्छुक बंदियों ने अमृत स्नान किया।


