डेंगू से डॉक्टर की मौत:आगरा में नहीं थम रहा कहर, 10 नए मरीज मिले, प्लेटलेट्स के लिए मारामारी

गुरुवार को एक वरिष्ठ चिकित्सक की डॉक्टर पुत्रवधू की मौत हो गई। उधर, आज डेंगू के 10 नए केस सामने आए। जिससे अब मरीजों की संख्या 528 हो गई है। इसके चलते जंबो प्लेटलेट्स के लिए मारामारी है।

डेंगू से डॉक्टर की मौत:आगरा में नहीं थम रहा कहर, 10 नए मरीज मिले, प्लेटलेट्स के लिए मारामारी
आगरा के वरिष्ठ आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. हरीश चंद्रा की पुत्रवधू डॉ. श्रेया साहनी की डेंगू से मौत हो गई।

आगरा में डेंगू के केस लगातार बढ़ रहे हैं। गुरुवार को एक वरिष्ठ चिकित्सक की डॉक्टर पुत्रवधू की मौत हो गई। उधर, आज डेंगू के 10 नए केस सामने आए। जिससे अब मरीजों की संख्या 528 हो गई है। इसके चलते जंबो प्लेटलेट्स के लिए मारामारी है। ब्लड बैंकों पर डोनर होने के बाद भी 12 से 14 घंटे इंतजार करना पड़ रहा है। गंभीर मरीज के तीमारदार इधर-उधर भटक रहे हैं।

कई दिनों से खराब थी तबीयत : वरिष्ठ आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. हरीश चंद्रा के छोटे बेटे अनुभव अग्रवाल की पत्नी डॉ. श्रेया साहनी की कई दिनों से तबीयत खराब थी। उनका इलाज चल रहा था। गुरुवार सुबह उनकी मौत हो गई।

आगरा में डेंगू से मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। लेकिन सरकारी रिकॉर्ड में अभी तक एक ही मौत दिखाई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग इसको लेकर गंभीर नहीं है। डेंगू और संदिग्ध बुखार के मरीजों से निजी अस्पताल भरे पड़े हैं। पिनाहट ब्लॉक में ही डेंगू और बुखार से अब तक 39 बच्चों की मौत हो चुकी है।

गुरुवार को 10 नए केस आए हैं, जबकि 6 डेंगू संदिग्ध हैं। इसमें 9 मेडिसिन विभाग में और 1 मरीज बाल रोग विभाग में भर्ती है।