एटा जेलर पर हेड वार्डर ने लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप

हेड वार्डर के वायरल वीडियो से हुआ मामले का खुलासा जेलर समेत तीन अन्य लोगों पर लगाए गंभीर आरोप परिक्षेत्र डीआईजी ने सौंपी आगरा जेल अधीक्षक को जांच

एटा जेलर पर हेड वार्डर ने लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप
एटा जेल

लखनऊ। बागपत जेल में यौन उत्पीड़न के मामले की जांच चल ही रही है कि एटा जेल में एक और यौन उत्पीड़न का मामला प्रकाश में आया है। एटा जेल के हेड वार्डर के वायरल वीडियो से इस मामले का खुलासा हुआ है। वायरल वीडियो में हेड वार्डर ने जेलर समेत तीन अन्य लोगों पर कई गंभीर आरोप लगाए है। उधर आगरा परिक्षेत्र के डीआईजी जेल ने मामले की प्राथमिक जांच आगरा जेल अधीक्षक को सौंपी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।

मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार को एटा जेल पर तैनात एक हेड वार्डर का वीडियो वायरल हुआ। इस वीडियो में हेड वार्डर ने एटा जेल के जेलर प्रदीप कश्यप समेत तीन लोगों पर कई गंभीर आरोप लगाए है। पीड़ित हेड वार्डर वायरल वीडियो में कह रहा है कि जेलर छुट्टी नहीं देता है। छह माह से छुट्टी के लिए जेलर उत्पीड़न कर रहा है। वायरल वीडियो में पीड़ित हेड वार्डर कह रहा है कि जेलर प्रदीप कश्यप एक विशेष समुदाय की को बुलाने के लिए दबाव बनाता है। इसको लेकर जेल परिसर की दीवारों पर जगह जगह लिखा भी गया है। 

जेलर और तीन अन्य लोगों के उत्पीड़न से त्रस्त हेड वार्डर वायरल वीडियो में आत्महत्या करने की बात कह रहा है। इस वायरल वीडियो से कारागार विभाग के अधिकारियों में हड़कम मचा हुआ है। इस संबंध में जब आगरा जेल परिक्षेत्र के डीआईजी प्रेमनाथ पांडे से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो के सत्यता की जांच आगरा जिला जेल के अधीक्षक हरिओम शर्मा को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। उल्लेखनीय है कि बीते दिनों बागपत जेल में भी यौन उत्पीड़न का एक मामला सामने आया था। इस मामले की जांच चल रही है।