शशिकांत, मिजाजी लाल समेत पांच अधीक्षकों का प्रमोशन

अधीक्षक से वरिष्ठ अधीक्षक ग्रेड वन की हुई डीपीसी विभाग में जल्दी होगी जेलर से अधीक्षक पद पर प्रोन्नति

शशिकांत, मिजाजी लाल समेत पांच अधीक्षकों का प्रमोशन
जेल मुख्यालय

लखनऊ। कारागार विभाग में अधिकारियों की प्रोन्नति का सिलसिला बदस्तूर जारी है। वरिष्ठ अधीक्षक ग्रेड वन से ग्रेड टू पद पर हुई डीपीसी को हुए एक माह भी नहीं बीत पाया था कि मंगलवार को अधीक्षक से वरिष्ठ अधीक्षक ग्रेड वन पद पर प्रोन्नति के विभागीय प्रोन्नति कमेटी की बैठक हुई। इसमें शशिकांत मिश्रा, मिजाजी लाल, राजेंद्र कुमार जायसवाल समेत पांच अधीक्षकों को प्रोन्नति प्रदान की गई है। शासन की ओर से प्रोन्नति आदेश जारी कर दिया गया है।

शासन की ओर एक अप्रैल को विभाग के संयुक्त सचिव शिव गोपाल सिंह की ओर से जारी की गई सूची में अंबेडकरनगर जेल पर शशिकांत मिश्रा, शाहजहांपुर जेल पर तैनात मिजाजी लाल, बुलंदशहर में तैनात राजेंद्र कुमार जायसवाल, आगरा सेंट्रल जेल पर तैनात ओपी कटियार और मुरादाबाद जेल पर तैनात आलोक सिंह को अधीक्षक से वरिष्ठ अधीक्षक ग्रेड वन पद पर प्रोन्नत किया गया है।

दागदार अफसरों को प्रमोशन देने विभाग को महारत हासिल!

कारागार विभाग में दागदार अफसरों को प्रोन्नति देने में अधिकारी कोई चूक नहीं कर रहे हैं। मंगलवार को जारी सूची में लूट और विवादों से घिरे रहने वाले मुरादाबाद अधीक्षक को भी प्रोन्नति प्रदान कर दी गई। सूत्रों का कहना है कि मेरठ, अलीगढ़, गाजियाबाद में लूट मचाकर चंद दिनों के लिए बांदा जेल पहुंचे अधीक्षक को मुरादाबाद जेल पर तैनात कर दिया गया। मेरठ जेल में तैनाती के दौरान प्रदेश के बहुचर्चित सुरंग कांड में इन्हें दोषी ठहराते हुए निलंबन करने के साथ बर्खास्तगी तक की संस्तुति की गई थी। इससे पूर्व विभाग में एक गलती पर निलंबन और दो गलतियों पर फतेहगढ़ सेंट्रल जेल के तत्कालीन वरिष्ठ अधीक्षक एवं प्रदेश के बहुचर्चित शाइन सिटी मामले में निलंबन की संस्तुति वाले लखनऊ जेल अधीक्षक को भी प्रोन्नति दी जा चुकी है। इन सनसनीखेज मामलों के बाद प्रमोशन दिए जाने के सवाल पर विभाग के उच्चाधिकारियों ने चुप्पी साध रखी है।

इससे पूर्व बीती 21 मार्च को विभाग में वरिष्ठ अधीक्षक ग्रेड वन से वरिष्ठ अधीक्षक ग्रेड टू पद पर प्रोन्नति को लेकर डीपीसी हुई थी। इस विभागीय प्रोन्नति कमेटी की बैठक में मेरठ जेल पर तैनात वीरेश राज शर्मा, नैनी सेंट्रल जेल पर तैनात रंग बहादुर पटेल, प्रयागराज जिला जेल पर तैनात अमिता दुबे और फतेहगढ़ सेंट्रल जेल पर तैनात आशीष तिवारी को वरिष्ठ अधीक्षक ग्रेड टू पर प्रोन्नति प्रदान की गई थी। सूत्रों की माने तो विभाग में डिप्टी जेलर से जेलर और जेलर से अधीक्षक पद पर प्रोन्नति को लेकर तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। इन संवर्गो की डीपीसी की बैठक जल्दी ही होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।