मथुरा में घर के लिए पिता की हत्या : रजाई में लाश लपेटकर लगा दी आग, जानें क्या है पूरा मामला

पड़ोसियों ने धुंआ उठता देखकर पुलिस को सूचना दी। इस मामले में पुलिस ने मृतक के बेटे विनीत को हिरासत में लिया है। एसपी सिटी मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने बताया कि आरोपी विनीत मकान बेचना चाहता था, जिसका पिता विरोध कर रहा था।…

मथुरा में घर के लिए पिता की हत्या :  रजाई में लाश लपेटकर लगा दी आग, जानें क्या है पूरा मामला
मथुरा में बेटे ने पिता की हत्या कर शव को रजाई में लपेटकर जलाया

मथुरा में शनिवार सुबह हत्या की ऐसी वारदात हुई, जिसका पता चलने पर इलाके के लोगों का कलेजा कांप गया। थाना हाईवे क्षेत्र के गांव नरहौली में एक युवक ने अपने पिता की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को रजाई में लपेटकर आग लगा दी। सूचना मिलने के बाद जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक शव बुरी तरह जल चुका था। पुलिस ने अधजले शव को कब्जे में लिया। आरोपी युवक को भी हिरासत में लिया गया है।

गांव नरहौली में शनिवार की सुबह गांव के अमृत लाल (55 वर्षीय) का शव कमरे में जलता मिला। पड़ोसियों ने धुंआ उठता देखकर पुलिस को सूचना दी। इस मामले में पुलिस ने मृतक के बेटे विनीत को हिरासत में लिया है। एसपी सिटी मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने बताया कि आरोपी विनीत मकान बेचना चाहता था, जिसका पिता विरोध कर रहा था। इसके चलते उसने अपने पिता की हत्या कर दी। इसके बाद कमरे में ही शव को रजाई में लपेटकर जला दिया।

घटना के वक्त घर में पिता-पुत्र ही थे : पुलिस ने घटना के संबंध में आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई है। एसपी सिटी के अनुसार दो दिन पहले विनीत का पिता से झगड़ा हुआ था। इसके चलते उसकी मां आशा अपनी बेटी को लेकर आगरा के खंदौली मायके चली गई। घर में केवल पिता और पुत्र थे। मृतक के तीन बेटी और दो बेटे थे। इनमें से एक बेटे की बीमारी के चलते मौत हो चुकी है, वहीं दो बेटियों का विवाह हो चुका है। घटना की सूचना पर मृतक की पत्नी पहुंच गई है।