आदर्श कारागार लखनऊ : कैंची घर ले जाने से मना करने पर कर दी प्रशिक्षक की पिटाई
लखनऊ की आदर्श कारागार में एक विवाद के बाद कपड़ा उद्योग के प्रशिक्षक की पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि डिप्टी जेलर ने कैंची घर ले जाने से रोकने पर प्रशिक्षक को पीटा। यह घटना जेलर कार्यालय में हुई, जिसमें दो डिप्टी जेलरों ने प्रशिक्षक की जमकर धुनाई की। प्रशिक्षक न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। जेलर अजय राय से संपर्क करने का प्रयास भी विफल रहा।
लखनऊ। राजधानी की आदर्श कारागार में कपड़ा उद्योग के लिए खरीदी गई कैंची घर ले जाने से रोकने पर अधिकारियों ने प्रशिक्षक की जमकर पिटाई कर दी। जेलर कार्यालय में हुई मारपीट की घटना के बाद प्रताड़ित प्रशिक्षक न्याय पाने के लिए दर दर की ठोकरें खा रहा है। विभाग के आला अफसर दोषी अफसरों के खिलाफ कार्यवाही करने की बात तो दूर पिटाई का शिकार हुए प्रशिक्षक का दर्द सुनने तक को तैयार नहीं हैं।
सूत्रों के मुताबिक आदर्श कारागार में कई उद्योग संचालित किए जा रहे है। इसमें कपड़ा उद्योग भी शामिल है। इस उद्योग में कैदी वस्त्र के साथ सुरक्षाकर्मियों की वर्दी भी सिली जाती है। बीते दिनों कपड़ा कटाई के लिए जेल प्रशासन ने कैंची की खरीद फरोख्त की। इन कैंचियों में एक कैंची जेटीएस से स्थानांतरित होकर आए डिप्टी जेलर को पसंद आ गई। वह कैंची को लेकर घर चले गए। इसका कपड़ा उद्योग के प्रशिक्षक ने विरोध किया। कागजी खानापूर्ति नहीं होने से डिप्टी जेलर आक्रोशित थे।
सूत्रों बताते है कि बीते सप्ताह प्रशिक्षक किसी कार्य से जेलर कार्यालय में बैठा था। इसी दौरान वहां डिप्टी जेलर पहुंच गया। कैंची को लेकर दोनों में नोंकझोंक होने लगी। देखते देखते मामला मारपीट में तब्दील हो गया। डिप्टी जेलर ने अपने साथी डिप्टी जेलर के साथ मिलकर प्रशिक्षक की जमकर धुनाई कर दी। इससे जेल में अफरा तफरी मच गई। मारपीट का शिकार हुआ प्रशिक्षक इन दिनों न्याय के लिए दर दर की ठोकरें खा रहा है। दिलचस्प बात यह है कि आला अफसरों तक से गुहार लगाने के बाद भी उसकी सुनवाई नहीं हो रही है। उधर इस संबंध में जब जेलर अजय राय से बात करने का प्रयास किया गया तो उनका फोन नहीं उठा।


