दबंगों ने पीआरवी टीम से की अभद्रता : पुलिसकर्मी की सर्विस रिवॉल्वर लूटी, अधिकारियों में मचा हड़कंप

लाइनपार क्षेत्र में झगड़े की सूचना पर पहुंची पीआरवी टीम से अभद्रता की गई। इस दौरान दबंगों ने पुलिसकर्मी की सर्विस रिवॉल्वर भी लूट ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों के पसीने छूट गए।....

दबंगों ने पीआरवी टीम से की अभद्रता : पुलिसकर्मी की सर्विस रिवॉल्वर लूटी, अधिकारियों में मचा हड़कंप
फिरोजाबाद में यूपी पुलिसकर्मी की सर्विस रिवॉल्वर लूट

थाना लाइनपार क्षेत्र में दबंगों ने पीआरवी टीम के साथ अभद्रता की। एक जवान की सर्विस रिवॉल्वर लूट ली गई। जानकारी मिलते ही अफसर मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए। टीम मारपीट की शिकायत पर पहुंची थी।

थाना लाइन पार के कूपा निवासी आरती से उसके पति विश्वनाथ और ससुरालीजनों ने रविवार को मारपीट की। महिला ने अपने भाई टीनू उर्फ मौसम यादव निवासी औरंगाबाद थाना शिकोहाबाद को घटना के बारे में बताया तो वह भी उसके घर पहुंच गया। भाई के पहुंचते ही ससुराली जन उसके साथ भी झगड़ने व गाली गलौज करने लगे। इस पर उसने पुलिस टीम को फोन कर दिया। सूचना पर पीआरवी नंबर  679 मौके पर पहुंची।

घटना के बारे में जानकारी करने का प्रयास किया तो आरती के ससुराल के लोगों ने पीआरवी टीम के साथ अभद्रता की। इस दौरान धक्का-मुक्की भी की गई। इसी बीच ससुराल पक्ष और वहां मौजूद लोगों में से कोई एक सिपाही की सर्विस रिवॉल्वर और मोबाइल छीन ले गया। सिपाही के साथ अभद्रता और रिवॉल्वर लूटे जाने की सूचना पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

 कई थानों के फोर्स के साथ ही एसएसपी आशीष तिवारी, एसपी सिटी मुकेश कुमार भी मौके पर पहुंचे। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है। एसपी सिटी बोले, सिपाही की रिवॉल्वर लूटी गई है। पुलिस घटना का पता चलने पर पहुंची थी। आरोपियों की तलाश की जा रही है। इस मामले में पुलिस ने 30 से ज्यादा नामजद और 67 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अभा तक पुलिसकर्मी की सर्विस रिवॉल्वर न मिलने से अधिकारियों के नींद उड़ी हुई है।