देश में वैक्सीनेशन का आंकड़ा 50 करोड़ के पार, दिसंबर तक 136 करोड़ डोज और मिलेंगे : स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया

कोरोना से लड़ाई में भारत ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। सरकार के मुताबिक, शुक्रवार शाम 7 बजे तक 50.03 करोड़ डोज लगाए गए हैं। शुक्रवार को ही 43.29 लाख से ज्यादा टीके लगाए गए।

देश में वैक्सीनेशन का आंकड़ा 50 करोड़ के पार, दिसंबर तक 136 करोड़ डोज और मिलेंगे : स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया
देश में वैक्सीनेशन

भारत में कोरोना वैक्सीनेशन का आंकड़ा 50 करोड़ के पार हो गया है। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोरोना से लड़ाई में भारत ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। सभी को बधाई और स्वास्थ्यकर्मियों का धन्यवाद। सरकार के मुताबिक, शुक्रवार शाम 7 बजे तक 50.03 करोड़ डोज लगाए गए हैं। शुक्रवार को ही 43.29 लाख से ज्यादा टीके लगाए गए।

देश में इसी साल 16 जनवरी से वैक्सीनेशन शुरू हुआ था। 21 जून से इसकी कमान केंद्र ने पूरी तरह अपने हाथ में ले ली। इसके बाद से केंद्र सरकार वैक्सीन बनाने वाली कंपनियों से 75% टीके खरीदकर उन्हें राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मुफ्त दे रही है। 25% सप्लाई प्राइवेट हॉस्पिटल के लिए रखी गई है।

वैक्सीनेशन के मामले में टॉप 5 राज्यों में उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश हैं। उत्तर प्रदेश इकलौता ऐसा राज्य है जहां 5 करोड़ से ज्यादा टीके लगाए गए हैं। देश में अब तक 3.18 करोड़ लोग संक्रमित हुए हैं। हालांकि, एक्टिव केस सिर्फ 4.07 लाख ही हैं। 3.10 करोड़ से ज्यादा लोग रिकवर हो चुके हैं। संक्रमण से 4.26 लाख मौतें हुई हैं।

कोवीशील्ड-कोवैक्सिन हर महीने 4 करोड़ डोज का प्रोडक्शन बढ़ाएंगे : देश में वैक्सीनेशन की रफ्तार इस महीने से और तेज हो जाएगी। केंद्र सरकार ने इसकी जानकारी दी है। केंद्र ने बताया कि देश में वैक्सीन बनाने वाली दो बड़ी कंपनियां सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) और भारत बायोटेक हर महीने कोवीशील्ड और कोवैक्सिन के 4 करोड़ से ज्यादा डोज का प्रोडक्शन करेंगी। ऐसे में देश के लोगों को इसका सीधा फायदा होगा।

SII ने बताया कि वह कोवीशील्ड का प्रोडक्शन अब हर महीने 11 करोड़ से बढ़ाकर 12 करोड़ डोज करने जा रही है। वहीं भारत बायोटेक भी कोवैक्सिन का प्रोडक्शन 2.5 करोड़ से 5.8 करेगी।

ऐसे मिलेंगे 136 करोड़ डोज : साल के अंत तक देश में कोरोना की 136 करोड़ डोज उपलब्ध हो जाएंगी। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से यह जानकारी सांसदों को दी गई है। PMO की ओर से जारी एक नोट में कहा गया है कि अगस्त में कोवैक्सिन का प्रोडक्शन 2.65 करोड़, कोवीशील्ड का 23 करोड़ और महीने में कुल 25.65 करोड़ खुराक का उत्पादन होगा।

सितंबर में कोवैक्सिन का प्रोडक्शन 3.15 करोड़ और कोवीशील्ड का 23 करोड़ होगा। जो कुल मिलाकर 26.15 करोड़ खुराक होंगी। अक्टूबर में कुल 28.25 करोड़ खुराक का उत्पादन किया जाएगा, जिसमें से कोवैक्सिन 5.25 करोड़ और कोवीशील्ड की 23 करोड़ डोज होंगी।

नवंबर में 28.25 करोड़ डोज उपलब्ध होंगी, जिनमें 5.25 करोड़ कोवैक्सिन और 23 करोड़ कोवीशील्ड की होंगी। वहीं दिसंबर में कोवैक्सिन का अनुमानित उत्पादन 5.25 करोड़ और कोवीशील्ड का 23 करोड़ खुराक का होगा, कुल मिलाकर महीने में 28.5 करोड़ डोज मिलेंगे।

अगस्त से दिसंबर 2021 के लिए केंद्र द्वारा दिए गए एक अग्रिम आदेश के मुताबिक, कोवीशील्ड वैक्सीन की 75% खुराक 215.25 रुपए प्रति खुराक पर कुल 8,071.87 करोड़ रुपए से खरीदी जाएंगी। इस तरह देश में अगले कुछ महीनों में कोरोना वैक्सीन के 136 करोड़ डोज उपलब्ध होंगे।

दोनों कंपनियों ने 51.24 करोड़ डोज सप्लाई किए : केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री भारती प्रवीण पवार ने शुक्रवार को लोकसभा में लिखित तौर पर बताया कि 16 जनवरी से 5 अगस्त तक सीरम इंस्टीट्यूट ने कोवीशील्ड के 44.42 करोड़ डोज सप्लाई किए हैं। वहीं भारत बायोटेक ने इस दौरान कोवैक्सिन के 6.82 करोड़ डोज सप्लाई किए हैं। यानी दोनों कंपनियों ने इस अवधि में 51.24 करोड़ डोज सप्लाई किए हैं।

देश में कोविड-19 टीकों के उत्पादन को बढ़ाने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में बताते हुए पवार ने कहा कि केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन ने टीकों की फास्ट ट्रैक मंजूरी के लिए कई कदम उठाए हैं। क्लिनिकल ट्रायल और वैक्सीन के अप्रूवल के लिए फास्ट ट्रैक प्रोसेसिंग सिस्टम बनाया गया है।