गोंडा : दुष्कर्म के बाद किशोरी की हत्या मामले में आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

मौके पर डीएम और एसपी ने पहुंचकर पूरे मामले की छानबीन किया। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एसपी ने पुलिस टीम के साथ मोर्चा संभाला और कटराभोग चंद के पास एक गन्ने के खेत में छुपे आरोपितों में एक को मुठभेड़ कर गिरफ्तार किया है। दूसरे की तलाश में पुलिस लगी है।

गोंडा : दुष्कर्म के बाद किशोरी की हत्या मामले में आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार
घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मी।

गोंडा जिले के थाना नवाबगंज क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार की रात तकरीबन आठ बजे शौच के लिए घर से निकली 17 वर्षीया किशोरी की दुष्कर्म कर हत्या कर दी गई। किशोरी का अर्धनग्न शव उसके घर से 100 मीटर की दूरी पर पड़ा मिला। परिवार समेत गांव के लोगों ने किशोरी संग सामूहिक दुष्कर्म की आशंका जताई है।

पुलिस ने जानकारी होने पर केस दर्ज कर उच्चाधिकारियों को सूचना दी। मौके पर डीएम और एसपी ने पहुंचकर पूरे मामले की छानबीन किया। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एसपी ने पुलिस टीम के साथ मोर्चा संभाला और कटराभोग चंद के पास एक गन्ने के खेत में छुपे आरोपितों में एक को मुठभेड़ कर गिरफ्तार किया है। दूसरे की तलाश में पुलिस लगी है।

थाना नवाबगंज क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 17 वर्षीया किशोरी की मां ने बताया कि उसकी बेटी शुक्रवार की रात तकरीबन आठ बजे शौच जाने को कहकर घर से निकली थी। मगर काफी देर बाद भी जब वह वापस घर नहीं लौटी तो उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उसकी बेटी का अर्धनग्न शव घर से 100 मीटर की दूरी पर यूकेलिप्टस के बागीचे में पड़ा मिला।

किशोरी की मां समेत गांव के लोगों ने किशोरी संग सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने मामले के खुलासे के लिए सर्विलांस के साथ ही पुलिस टीम को लगाया और खुद भी साथ चल दिए। नवाबगंज थाने के ही कटराभोगचंद में एक गन्ने के खेत में दोनो आरोपितों के छुपे होने की जानकारी हुई। पुलिस ने गन्ने के खेत को घेर लिया।

आरोपितों की ओर से भी पुलिस टीम पर फायरिंग की गई। एसपी ने बताया कि पुलिस मुठभेड़ में लौव्ववीरपुर गांव निवासी महेश यादव को गोली लगी और गिरफ्तार कर लिया गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। इसके अलावा उसके दूसरे साथी की तलाश की जा रही है। उन्होने कहा कि दुष्कर्म और हत्या के मामले में आरोपितों के विरूद्व कड़ी कार्रवाई की जाएगी।