UP की आज की चार बड़ी खबरें : (1) आगरा में दो चचेरे भाइयों की हत्या(2) रायबरेली में तेज रफ्तार कार और स्कूली वैन में हुई टक्कर(3) यूपी विधानसभा सत्र से पहले कांग्रेस का प्रदर्शन(4) सड़क पर रखे डिवाइडर से टकराई बाइक

उत्तर प्रदेश की बड़ी ब्रेकिंग न्यूज अपडेट। 16 दिसंबर 2021 आज के समाचार अपडेट आगरा लखनऊ कानपुर वाराणसी प्रयागराज मेरठ

UP की आज की चार बड़ी खबरें : (1) आगरा में दो चचेरे भाइयों की हत्या(2) रायबरेली में तेज रफ्तार कार और स्कूली वैन में हुई टक्कर(3) यूपी विधानसभा सत्र से पहले कांग्रेस का प्रदर्शन(4) सड़क पर रखे डिवाइडर से टकराई बाइक
उत्तर प्रदेश की बड़ी ब्रेकिंग न्यूज अपडेट।

(1) आगरा में दो चचेरे भाइयों की हत्या, रास्ते के विवाद में दबंग ने मारी गोली 

आगरा में गुरुवार को रास्ते के विवाद में दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। खेड़ा राठौर के चित्तरपुर गांव में दबंगों ने दो चचेरे भाइयों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। गोलियों की तड़तड़ाहट से गांव में सनसनी फैल गई। मौके पर कई थानों की फोर्स पहुंची है।

पुलिस के अनुसार, खेत की ओर जाने वाले रास्ते के विवाद में महेश कुमार और दिनेश कुमार की हत्या की गई है। चचेरे भाई महेश और दिनेश फसल की सिंचाई कर रहे थे। तभी गांव के ही कल्यान सिंह आ गए। दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। मृतक के परिवार वालों का कहना है कि इसी बीच कल्यान सिंह के पक्ष से किसी ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से दिनेश कुमार (44) और महेश कुमार (38) की मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग के बाद कल्यान सिंह और उनके पक्ष के लोग फरार हैं।

(2) रायबरेली में तेज रफ्तार कार और स्कूली वैन में हुई टक्कर,12 बच्चे घायल, दोनों ड्राइवर भी घायल

रायबरेली के लालगंज कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को एक तेज रफ्तार कार और स्कूली वैन में भीषण टक्कर हो गई। हादसे में दोनों ड्राइवर और 12 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। गंभीर रूप से घायल बच्चों को जिला अस्पताल भेजा गया है।

बहाई गांव के पास हुआ हादसा : जानकारी के अनुसार, लालगंज कोतवाली क्षेत्र के बहाई गांव के पास एक स्कूली वैन बच्चों को घर से लेकर स्कूल के लिए जा रही थी। तभी लालगंज की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही वैन में बच्चे चीखने-चिल्लाने लगे। आनन-फानन में घटनास्थल पहुंचे स्थानीय लोगों ने वैन से बच्चों को बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस को सूचना दी।

तेज रफ्तार में थी कार : सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायल बच्चों और दोनों ड्राइवरों को सीएचसी लालगंज में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों को एडमिट कर लिया गया है। गंभीर रूप से घायल बच्चों को जिला अस्पताल भेजा गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कार की रफ्तार बहुत तेज थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ है।

(3) यूपी विधानसभा सत्र से पहले कांग्रेस का प्रदर्शन, मंत्री अजय मिश्रा की बर्खास्तगी के लगे नारे

SIT की जांच रिपोर्ट आने के बाद लखीमपुर किसान नरसंहार का मामला एक बार फिर तूल पकड़ रहा हैं। इस मामले में विपक्ष भी एक्टिव हो गया है और मंत्री को बर्खास्त करने की मांग भी तेज कर दी है। 

आज शीतकालीन सत्र के पहले दिन कांग्रेस विधायक प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, कांग्रेस विधानमंडल दल नेता आराधना मिश्रा के नेतृत्‍व में कांग्रेस ने जीपीओ गांधी प्रतिमा से विधानसभा तक पैदल मार्च किया और इस दौरान नारेबाजी कर अजय मिश्रा की बर्खास्तगी की मांग उठाई। वहीं गन्ना और धान लेकर और शरीर पर यूरिया की बोरियां पहनकर सपा के नेता विधानसभा के सामने प्रदर्शन कर रहे हैं। कई नेता हाथों में सिलेंडर की फोटो लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रिंयका गांधी के अलवा कांग्रेस अन्य शीर्ष नेतृत्व लगातार मंत्री की बर्खास्तगी की मांग उठा रहा हैं।

 

(4) पलवल से घर आ रहे युवक की सड़क पर रखे डिवाइडर से टकराई बाइक, हादसे में मौत

झांसी में सड़क हादसे में बाइक सवार एक श्रमिक की मौत हो गई, जबकि उसका भतीजा घायल हो गया। हादसा झांसी-खजुराहो हाइवे पर बरुआसागर के पास हुआ। श्रमिक पहले लॉकडाउन में दिल्ली से पैदल घर आया था। इसके बाद जब वह काम पर गया तो बाइक लेकर गया था। अब बाइक से ही घर आता-जाता था।

सड़क पर रखे डिवाइडर से टकराई बाइक : टीकमगढ़ जिले के गांव जगतनगर निवासी खरगा अहिरवार (38) पुत्र फूले अहिरवार पलवल में मजदूरी करता था। भतीजे भरत अहिरवार ने बताया कि चाचा खरगा और उनका चचेरा भतीजा केहर अहिरवार (30) बुधवार को बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक खरगा चला रहे थे। रास्ते में देर रात करीब 2 बजे उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दोनों गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने उनको मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां पर खरगा को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि केहर को मेडिकल कॉलेज से ग्वालियर रेफर कर दिया गया।

दोबारा लॉकडाउन का डर था : भतीजे भरत ने बताया कि चाचा खरगा पहले दिल्ली में काम करते थे। 2019 में पहले लॉकडाउन लगा तो उन्हें दिल्ली से पैदल घर आना पड़ा। रास्ते में वाहनों से मदद और पैदल यात्रा के दौरान वे 3 दिन में घर पहुंचे थे। आर्थिक हालत ठीक नहीं होने के कारण दोबारा मजदूरी पर लौटना था। डर था कि दोबारा लॉकडाउन न लग जाए। इसलिए जून 2020 में खरगा घर से बाइक लेकर गए थे। इसके बाद वह बाइक से ही घर पर आते-जाते थे।

पत्नी को सरप्राइज देना चाहते थे : भतीजे ने बताया कि चाचा के घर आने की किसी को सूचना नहीं थी। वह पत्नी को सरप्राइज देना चाहते थे। सुबह करीब 5:30 बजे हादसे की जानकारी पुलिस ने परिजनों को दी तो घर में कोहराम मच गया। अभी कुछ समय पहले ही खरगा के साले की शादी हुई थी। जिसमें वे शामिल हुए थे। उनकी 4 बेटियां और एक बेटा है। सबसे बड़े बेटे की उम्र 12 साल है।