कानपुर में जर्जर मकान की छत गिरी, 3 की मौत : रेस्क्यू के दौरान कॉन्स्टेबल भी घायल, सभी अस्पताल में भर्ती

सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई। मकान बहुत पुराना था, लगातार छत से सीमेंट व अन्य मटेरियल गिर रहे थे। इस दौरान रेस्क्यू में जुटे फायर ब्रिगेड के कॉन्स्टेबल दीपेंद्र सिंह यादव भी घायल हो गए।

कानपुर में जर्जर मकान की छत गिरी, 3 की मौत :  रेस्क्यू के दौरान कॉन्स्टेबल भी घायल, सभी अस्पताल में भर्ती
हादसा तड़के सुबह हुआ, जब घर में सभी लोग सो रहे थे।

कानपुर में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हुआ। यहां बेकनगंज थाना क्षेत्र के रिजवी रोड पर एक जर्जर मकान अचानक भरभराकर ढह गया। मलबे में दबकर तीन लोगों की मौत हो गई। जान गंवाने वालों में 35 साल की रुखसाना और उनकी 7 साल की बेटी शिफा और 4 साल का बेटा नोमान शामिल है।

मकान 70 साल पुराना बताया जा रहा है। इसमें 11 परिवार के 41 लोग रहते थे। पुलिस के मुताबिक, हादसे में तीन की मौत हो गई। एक अन्य राजू नाम का युवक घायल है। घायलों को उर्सला अस्पताल में भर्ती किया गया है। बाकी सभी लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है। सभी सुरक्षित हैं। पूरे घर को पुलिस ने खाली करा लिया है।

रेस्क्यू के दौरान कॉन्स्टेबल भी घायल : घटना सुबह तड़के की है। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई। मकान बहुत पुराना था, लगातार छत से सीमेंट व अन्य मटेरियल गिर रहे थे। इस दौरान रेस्क्यू में जुटे फायर ब्रिगेड के कॉन्स्टेबल दीपेंद्र सिंह यादव भी घायल हो गए। आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। अभी दीपेंद्र की हालत स्थिर बताई जा रही है।

तीन मंजिला मकान, पहली मंजिल की छत गिरी : जर्जर मकान तीन मंजिला था। इसी में 11 परिवार के 41 लोग एकसाथ रहते थे। सुबह करीब 5 बजे पहली मंजिल की छत भरभराकर गिर पड़ी। नीचे सो रहे रुखसाना, शिफा, नोमान, राजू व अन्य लोग घायल हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने किसी तरह सभी को बाहर निकाला और अस्पताल ले गए, जहां रुखसाना, शिफा और नोमान ने दम तोड़ दिया। राजू अभी अस्पताल में भर्ती है।