देश में कोरोना की तीसरी लहर में पहली बार 2.47 लाख नए संक्रमित मिले, 380 मौतें; 7 महीने बाद कुल एक्टिव केस 11 लाख के पार

नए संक्रमितों 54 हजार की बढ़ोतरी देखने को मिली है। इससे पहले मंगलवार को 1.93 लाख लोग संक्रमित मिले थे। देश में अब तक कुल 3.63 करोड़ लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं, जिनमें से 3.47 करोड़ लोग रिकवर हो चुके हैं। अब तक 4,85,035 लोगों की मौत हो चुकी है।

देश में कोरोना की तीसरी लहर में पहली बार 2.47 लाख नए संक्रमित मिले, 380 मौतें; 7 महीने बाद कुल एक्टिव केस 11 लाख के पार
ओमाइक्रोन कोरोनवायरस वायरस का प्रकोप

देश में बुधवार का दिन कोरोना वायरस के लिहाज से बेहद भयावह रहा। बुधवार को 2 लाख 47 हजार 418 नए कोरोना संक्रमित मिले। 84,592 लोग ठीक हुए, जबकि 380 लोगों की मौत हुई। इस तरह एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 1 लाख 62 हजार 446 की बढ़ोतरी दर्ज की गई। फिलहाल देश में 11.17 लाख एक्टिव केस हैं। तीसरी लहर में एक्टिव केस पहली बार 11 लाख के पार पहुंचे हैं। वहीं, नए संक्रमितों 54 हजार की बढ़ोतरी देखने को मिली है।
इससे पहले मंगलवार को 1.93 लाख लोग संक्रमित मिले थे। देश में अब तक कुल 3.63 करोड़ लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं, जिनमें से 3.47 करोड़ लोग रिकवर हो चुके हैं। अब तक 4,85,035 लोगों की मौत हो चुकी है। इस बीच, देश में कुल एक्टिव केस की संख्या 7 महीने के बाद 11 लाख के पार पहुंची है। दूसरी लहर के केसेस घटने के दौरान 9 जून को देश में कुल 11 लाख 67 हजार 952 एक्टिव केस दर्ज किए गए थे।

कोरोना अपडेट्स

  • दिल्ली के लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल के डॉ. एस कुमार ने बताया कि हॉस्पिटलाइजेशन की दर रोजाना 10-15 मरीजों से बढ़कर 35-40 मरीज हो गई है। पिछले 5 हफ्ते में दिल्ली के एयरपोर्ट्स से ओमिक्रॉन के 188 केस मिले हैं। बड़ी संख्या में मरीजों में ओमिक्रॉन वैरिएंट ही मिल रहा है, सिर्फ 15-20% मरीजों में ही डेल्टा मिल रहा है।
  • कर्नाटक कांग्रेस ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए मेकेदातु पदयात्रा को टाल दिया है। कांग्रेस ने राज्य में पानी की समस्या को लेकर 100 किमी 'वॉक फॉर वॉटर' पदयात्रा का ऐलान किया था।
  • असम और नागालैंड के गवर्नर प्रोफेसर जगदीश मुखी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उन्हें गुरुवार रात गुवाहाटी के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
  • दिल्ली के हेल्थ मिनिस्टर सत्येंद्र जैन ने गुरुवार को बताया कि पिछले 4 दिन से कोरोना पेशेंट्स की हॉस्पिटलाइजेशन रेट स्थिर है। जो कि करीब 15% है। दिल्ली में आज कोरोना के करीब 27,500 मामले आएंगे। उन्होंने कहा कि फिलहाल राजधानी में लॉकडाउन लगाने की कोई योजना नहीं है।
  • केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने गुरुवार को ट्वीट कर बताया कि 15-17 साल उम्र के 3 करोड़ से अधिक युवा कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगवा चुके हैं।
  • राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। वहीं, उत्तराखंड के कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में चुनाव ड्यूटी पर तैनात BSF के 30 जवान संक्रमित पाए गए हैं।
  • हेल्थ मिनिस्ट्री के आंकड़ों के मुताबिक, राज्यों और UTs को वैक्सीन की 157.36 करोड़ से ज्यादा डोज दी जा चुकी है। राज्यों और UTs के पास अभी वैक्सीन की 15.75 करोड़ से ज्यादा डोज मौजूद है।
  • स्वर कोकिला लता मंगेशकर कोरोना संक्रमित होने के बाद इन दिनों मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में ICU में भर्ती हैं। उनका इलाज कर रहे डॉ. प्रतीत समधानी ने गुरुवार को बताया कि उनकी हेल्थ में थोड़ा सुधार हुआ है। डॉ. प्रतीत ने कहा कि लता मंगेशकर के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद भी उन्हें कुछ दिनों तक ICU वार्ड में ही रखा जाएगा।
  • देश भर में अब तक ओमिक्रॉन के 5,488 मामलों की पुष्टि हुई है। वहीं, पॉजिटिविटी रेट 13.11% दर्ज किया गया। इससे पहले पॉजिटिविटी रेट 11.05% दर्ज किया गया था।
  • महाराष्ट्र पुलिस के मुताबिक, राज्य में कोरोना से अब तक 265 पुलिसकर्मियों की मौत हो चुकी है। इसमें सबसे अधिक 126 मौतें मुंबई पुलिस में हुई है। फिलहाल राज्य में 2,145 पुलिसकर्मी संक्रमित हैं।
  • इंडिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट पर कोरोना का साया पड़ चुका है। बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन ने बताया है कि 7 भारतीय खिलाड़ी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। सभी खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया है।
  • महाराष्ट्र के हेल्थ मिनिस्टर राजेश टोपे ने कहा है कि राज्य में कोवैक्सिन की कमी है। हमें इस संबंध में जिला अधिकारियों से फोन आ रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के साथ वर्चुअल कॉफ्रेंस में हमने कोवीशील्ड की 50 लाख डोज और कोवैक्सिन की 40 लाख डोज की मांग की है।
  • दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 26.22% हो गया है, जो कि पिछले 7 महीने में सबसे ज्यादा है। इससे पहले 5 मई को राजधानी में पॉजिटिविटी रेट 25% दर्ज किया गया था।
  • BMC कमिश्नर इकबाल चहल ने बुधवार को बताया कि अभी तक जितने भी मरीजों को ऑक्सीजन बेड की जरूरत, उनमें 99% ने वैक्सीन नहीं लगवाई थी।
  • PM मोदी गुरुवार को सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ मीटिंग करेंगे। मीटिंग के दौरान राज्यों में कोरोना के हालात पर वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए चर्चा होगी।

9 अन्य प्रमुख राज्यों का हाल

राजस्थान : यहां बुधवार को 9,488 लोग संक्रमित पाए गए, जबकि 1634 लोग ठीक हुए और 3 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 9.98 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 9.50 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 8,981 लोगों की मौत हो गई। यहां एक्टिव केस 38,448 हैं।

मध्य प्रदेश : यहां बुधवार को 3,639 लोग संक्रमित पाए गए और 497 लोग ठीक हुए हैं। यहां एक व्यक्ति की मौत हो गई। अब तक राज्य में 8.10 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 7.85 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,540 लोगों की मौत हो गई। यहां एक्टिव केस 14,406 हैं।

MP में गुरुवार को कोरोना से 6 लोगों की मौत हुई है। गुरुवार को चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। सारंग दूसरी बार संक्रमित हुए हैं। राज्य में तीसरी लहर में अब तक 18 मौतें हो चुकी हैं। 

उत्तर प्रदेश : यहां बुधवार को 13,592 लोग संक्रमित पाए गए। राज्य में 700 लोग ठीक हुए और 3 मौत दर्ज की गई। अब तक राज्य में 17.70 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 16.90 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 22,940 लोगों की मौत हो गई। राज्य में 57,355 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

पंजाब : यहां बुधवार को 6,344 लोग संक्रमित पाए गए। 2788 लोग ठीक हुए और 10 मरीजों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 6.36 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 5.92 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 16,702 लोगों की मौत हो गई। कुल 26,781 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

हरियाणा : यहां बुधवार को 6,883 लोग संक्रमित पाए गए और 2543 लोग ठीक हुए। यहां 3 लोगों की मौत हुई है। अब तक राज्य में 8.12 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 7.71 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,083 लोगों की मौत हो गई। कुल 31,150 का अभी इलाज चल रहा है।

गुजरात : यहां बुधवार को 9,941 लोग संक्रमित पाए गए, जबकि 3449 ठीक हुए और 4 लोगों की मौत हुई है। अब तक राज्य में 8.85 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 8.31 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,137 लोगों की मौत हो गई। कुल 43,726 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

छत्तीसगढ़ : यहां बुधवार को 5,476 लोग संक्रमित पाए गए। राज्य में 1933 लोग ठीक हुए और 4 मरीज की मौत हो गई। अब तक राज्य में 10.38 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 9.97 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 13,627 लोगों की मौत हो गई। कुल 27,425 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

बिहार : यहां बुधवार को 6,413 लोग संक्रमित पाए गए। राज्य में 2802 लोग ठीक हुए और 3 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 7.62 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 7.21 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 12,114 लोगों की मौत हो गई। कुल 28,659 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

झारखंड : यहां बुधवार को 4,753 लोग संक्रमित पाए गए। राज्य में 2801 ठीक हुए और 8 मरीज की मौत हो गई। अब तक राज्य में 3.91 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3.55 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 5,184 लोगों की मौत हो गई। कुल 30,986 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

5 सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों के हाल

1- महाराष्ट्र

महाराष्ट्र में एक दिन में नए मामलों में 12 हजार से ज्यादा की बढ़ोतरी हो गई। मंगलवार को मिले 34,424 केस के मुकाबले बुधवार को 46,723 नए मरीज मिले हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान 32 मौतें भी दर्ज की गई हैं, जबकि 28,041 लोग रिकवर भी हुए हैं। राज्य में कुल एक्टिव केस बढ़कर 2.40 लाख हो गए हैं। अब तक राज्य में 70.34 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 66.49 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.42 लाख लोगों की मौत हो गई। राज्य में पॉजिटिविटी रेट दोबारा 16% से बढ़कर सीधे 22% हो गया है। उधर, मुंबई में भी चार दिन घटने के बाद बुधवार को फिर नए केस बढ़ने शुरू हो गए। यहां बुधवार को 16,420 नए केस मिले, जो मंगलवार को मिले 11,467 कोरोना मरीजों से कहीं ज्यादा हैं। महानगर में 14,649 लोग रिकवर हुए, जबकि 7 लोगों की मौत हो गई।

2-पश्चिम बंगाल

पश्चिम बंगाल में बुधवार को 22,155 नए केस मिले हैं। बंगाल में इस दौरान 8117 मरीज ठीक हुए हैं, जबकि 23 लोगों की मौत हो गई है। हालांकि, राज्य का पॉजिटिविटी रेट लगातार घट रहा है। सोमवार के 37% से घटकर मंगलवार को 32% पर पहुंचा पॉजिटिविटी रेट बुधवार को 31% ही रह गया। राज्य में अब तक कुल 18.17 लाख केस मिले हैं, जबकि 16.81 लाख लोग रिकवर हो चुके हैं। राज्य में कुल 19,959 लोगों की मौत हो चुकी है। बंगाल में अब कुल एक्टिव केस 1 लाख 16 हजार 251 हैं।

    3- दिल्ली

    दिल्ली में बुधवार का दिन कोरोना वायरस के लिहाज से डरावना रहा। बुधवार को नेशनल कैपिटल में 27,561 नए मामले मिले, जो तीसरी लहर में 24 घंटे के दौरान डेली केसेज में अप्रैल-2021 के बाद दूसरी सबसे बड़ी बढ़ोतरी है। राजधानी में 40 मौत भी दर्ज की गई हैं। अब यहां पिछले चार दिन के दौरान 97 लोगों की मौत हो चुकी है।मंगलवार को भी यहां 23 मौत हुई थीं, जो तीसरी लहर में एक दिन में सबसे ज्यादा मौतें थीं। बुधवार को 14,957 लोग रिकवर भी हुए। अब कुल एक्टिव केस 87,445 हो गए हैं और पॉजिटिविटी रेट 26% पर पहुंच गया है। कुल संक्रमितों की संख्या 16.17 लाख हो गई है, जिनमें से 15.05 लाख लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक राजधानी में 25,240 लोगों की मौत हो चुकी है।

    4- तमिलनाडु

    यहां बुधवार को 24 घंटे के दौरान 17,934 नए मामले सामने आए, जबकि 4039 मरीज ठीक हुए और 19 लोगों की मौत हुई। अब तक राज्य में 28.47 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 27.21 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 36,905 लोगों की मौत हो गई। यहां एक्टिव केस 88,959 हैं। तमिलनाडु में पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 11% हो गया है।

      5- कर्नाटक

      यहां बुधवार को 21,390 लोग संक्रमित पाए गए, जो मंगलवार के मुकाबले करीब 7 हजार ज्यादा हैं। बुधवार को 1541 लोग ठीक हुए और 10 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 30.99 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 29.68 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 38,389 लोगों की मौत हो गई। 93,099 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। यहां पॉजिटिविटी रेट 11% है।