उत्तर प्रदेश के 40 जिलों में अलर्ट : लखनऊ की दिलकुशा कॉलोनी में दीवार गिरने से 9 मजदूरों की दबकर मौत

हादसा कैंट एरिया में आर्मी कैंपस में हुआ। यहां नई बाउंड्रीवाल का निर्माण कार्य हो रहा था। मजदूर पुरानी दीवार के सहारे झोपड़ी बनाकर रह रहे थे। हादसा उस वक्त हुआ जब सभी लोग सो रहे थे। आर्मी एरिया होने के चलते सबसे पहले रेस्क्यू के लिए आर्मी पहुंची। इसके बाद प्रशासन की टीम पहुंचीं।

उत्तर प्रदेश के 40 जिलों में अलर्ट : लखनऊ की दिलकुशा कॉलोनी में दीवार गिरने से 9 मजदूरों की दबकर मौत
रात में हादसे की सूचना पर आर्मी के जवान और स्थानीय लोग रेस्क्यू में जुट गए।

उत्तर प्रदेश में पिछले 3 दिनों से लगातार बारिश हो रही है। गुरुवार रात से शुक्रवार सुबह तक कई शहरों में भारी बारिश हुई। इस दौरान हुए हादसों में 15 की जान गई है। पहली घटना लखनऊ की है। यहां दीवार गिरने से 9 मजदूरों की दबकर मौत हो गई। कानपुर में दो लोगों की डूबने से मौत हो गई। यहां से सटे उन्नाव में एक घर गिर गया, यहां 3 लोगों की जान गई है। एक अन्य घटना में भी एक व्यक्ति की मौत हो गई है।

भारी बारिश के चलते प्रदेश के कई शहरों में पानी भर गया है। सड़कें डूब गई हैं और घरों में पानी भर गया है। 40 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है।

दीवार काफी पुरानी और मोटी थी। मिट्‌टी धंसने से दीवार गिर गई। भारी-भरकम दीवार की वजह से 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

लखनऊ में तीन दिन से हो रही भारी बारिश के बीच शुक्रवार तड़के 3 बजे बड़ा हादसा हो गया। यहां दिलकुशा कॉलोनी में दीवार गिरने से 9 लोगों की दबकर मौत हो गई। दो घायलों को सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। DM सूर्यपाल गंगवार ने बताया कि सभी मृतक और घायल झांसी जिले के पचवारा के रहने वाले हैं। CM योगी घायलों से मिलने हॉस्पिटल पहुंचने वाले थे, लेकिन जलभराव के कारण दौरा रद्द करना पड़ा।

हादसा कैंट एरिया में आर्मी कैंपस में हुआ। यहां नई बाउंड्रीवाल का निर्माण कार्य हो रहा था। मजदूर पुरानी दीवार के सहारे झोपड़ी बनाकर रह रहे थे। हादसा उस वक्त हुआ जब सभी लोग सो रहे थे। आर्मी एरिया होने के चलते सबसे पहले रेस्क्यू के लिए आर्मी पहुंची। इसके बाद प्रशासन की टीम पहुंचीं।

जहां हादसा हुआ है, उसके आसपास अभी भी कुछ ऐसी झोपड़ियां बनी हैं। इनमें मजदूर परिवार के साथ रहते हैं

यह सभी कैंट एरिया में आर्मी कैंपस की पुरानी दीवार के सहारे झोपड़ी में रह रहे थे और नई बाउंड्रीवाल के निर्माण कार्य में लगे थे। DM ने बताया कि बांउड्रीवाल के पास लोग झोपड़ी में सोए थे। रेस्क्यू देर रात ही पूरा कर लिया गया है। घायलों की हालत खतरे से बाहर है। सिविल हॉस्पिटल के डायरेक्टर आनंद ओझा का कहना है कि सुबह 7 बजे 9 लोगों को लाया गया था, सभी लोगों की मौत हो चुकी थी। इसके अलावा दो घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है।

आर्मी कैंट के पास हादसा हुआ तो मौके पर रेस्क्यू के लिए आर्मी के जवान भी पहुंच गए। CM योगी हादसे में नजर बनाए हैं। DM और पुलिस अधिकारियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। CM ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपए की राहत राशि देने का ऐलान किया है। घायलों के बेहतर इलाज कराए जाने के सीएम ने निर्देश दिए हैं। गृहमंत्री अमित शाह और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हादसे पर दुख जताया है।

सभी मृतक और घायल झांसी जिले के पचवारा के रहने वाले हैं। आगे हम आपको उनकी डिटेल्स बता रहे हैं...

मृतकों की डिटेल्स

  1. पप्पू पुत्र घनश्याम, उम्र 40 वर्ष
  2. मानभुवन देवी पत्नी पप्पू, उम्र 40 वर्ष
  3. प्रदीप पुत्र पप्पू, उम्र 20 वर्ष
  4. रेशमा पत्नी प्रदीप, उम्र 22 वर्ष
  5. नैना उर्फ भारती पुत्री प्रदीप, उम्र 1 वर्ष
  6. धर्मेंद्र, उम्र 24 वर्ष
  7. वीबी चंदा पत्नी धर्मेंद्र, उम्र 20 वर्ष
  8. 2 बच्चे

2 घायलों के नाम

  1. राघवेंद्र पुत्र करन, उम्र 20 साल
  2. गोलू पुत्र पप्पू, उम्र 18 साल