रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज के MD को मारी गोली : बरेली में मंदिर से लौटते समय बाइक सवारों ने झोंका फायर, जबड़ा छेदकर निकली गोली, 2 दांत टूटे
इलाज के दौरान पता चला कि गोली जबड़ा छेदते हुए पार हो गई। घटना के बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में अधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गए है।
बरेली में बाइक सवार दो बदमाशों ने डेलापीर तिराहे पर कार से जा रहे रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज के एमडी पर फायरिंग कर दी। घटना के बाद बाइक सवार भाग निकले, जबकि साथ में मौजूद लोगों ने उन्हें पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। इलाज के दौरान पता चला कि गोली जबड़ा छेदते हुए पार हो गई। घटना के बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में अधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गए है।
मंदिर से पूजा कर जा रहे थे घर : रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज के एमडी डॉ. केशव अग्रवाल शनिवार को स्टेडियम रोड स्थित शिव मंदिर से पूजा करके कार से वापस घर जा रहे थे। ड्राइवर कार चला रहा था,जबकि वह कार में पीछे बैठे थे। उसी दौरान पीछे से बाइक सवार दो युवक आए और पीछे बैठे युवक ने उन पर फायर कर दिया।
गोली कार का शीशा तोड़ते हुए केशव अग्रवाल के जबड़ा छेदते हुए पार हो गई। घटना के बाद लोगों की भीड़ लग गई तो बाइक सवार फरार हो गए। कार चालक आनन-फानन में उन्हें पास के ही केशलता अस्पताल में ले गया। जहां उनका इलाज चल रहा है, डॉक्टरों की माने तो हालत खतरे से बाहर है। अगर गोली जरा सा भी अधर-उधर होती तो घटना काफी भयावह होती।
सीसीटीव फुटेज जांच रही है पुलिस : घटना के बाद कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। मामला डॉक्टर से जुड़ा होने के कारण एसपी सिटी रवींद्र कुमार मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने आस-पास के लोगों से घटना के बाबत जानकारी लेने के बाद CCTV फुटेज में हमलावरों की तलाश कर रही है। हमलावरों की जल्द से जल्द पहचान के साथ उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गईं हैं।
नहीं किसी से रंजिश, फॉरेंसिक टीम कर रही जांच : पुलिस की पूछताछ में पता चला कि डॉक्टर केशव अग्रवाल की किसी से कोई रंजिश नहीं थी और न ही उनका कोई दुश्मन है। हालांकि पुलिस हर पहलू पर पड़ताल कर रही है। बाइक सवार दोनों युवक मास्क लगाए हुए थे। वहीं घटना स्थल पर फोरेंसिक टीम भी पहुंच गई है और कार की जांच कर उसमे से कुछ नमूने लिए हैं।


