उत्तर प्रदेश के मौसम पर दिखेगा मोका तूफान का असर : 3 दिन तक धूल भरी आंधी-भीषण गर्मी के लिए रहें तैयार

उत्तर प्रदेश में आज मौसम कैसा रहेगा, इसको लेकर अपडेट सामने आ गया है। राजधानी लखनऊ में तीन दिन तक धूल भरी आंधी चलेगी। साथ ही मोका का असर भी यूपी पर पड़ेगा। हालांकि भीषण गर्मी में इससे कोई राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

उत्तर प्रदेश के मौसम पर दिखेगा मोका तूफान का असर : 3 दिन तक धूल भरी आंधी-भीषण गर्मी के लिए रहें तैयार
3 दिन तक धूल भरी आंधी-भीषण गर्मी के लिए रहें तैयार

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मौसम में अचानक फिर बदलाव देखने को मिल रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में मोका के असर से धूल भरी आंधी लोगों को परेशान कर सकती है। आज का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री और अधिकतम तापमान 42 डिग्री रहने की संभावना है। वहीं राजधानी लखनऊ में अगले तीन दिन मोका चक्रवात का असर देखने को मिलेगा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, मोका के असर से मौसम तेजी से करवट ले रहा है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से धूल भरी हवा चलने की चेतावनी जारी की है।

मुख्य बातें 

  • उत्तर प्रदेश के मौसम पर दिखेगा मोका तूफान का असर
  • अगले तीन दिन 35 किमी की रफ्तार से चलेगी धूल भरी आंधी
  • 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा तापमान, गर्मी से राहत नहीं

इस दौरान वातावरण में धूल के कण बढ़ने से धूल भरे कोहरे जैसी स्थिति भी उत्पन्न होगी, हालांकि इससे तापमान पर असर नहीं पड़ेगा। अगले तीन दिन तक शहर का अधिकतम पारा 40 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। इस बीच मंगलवार को भी अधिकतम पारा 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इस दौरान बारिश की संभावना से मौसम विभाग ने इनकार किया है। बीते कई दिनों से मौसम अलग-अलग रंग दिखा रहा है। पहले मई की शुरुआत में बारिश, फिर बीते पांच दिन से गर्मी और अब धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। इस बीच शहर के लोगों को मंगलवार सुबह से तपिश का सामना करना पड़ा। शाम करीब चार बजे के बाद धुंध छाने से गर्मी से थोड़ी राहत मिली। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. एम दानिश ने बताया कि 19 मई तक धूल भरी हवाएं परेशान कर सकती हैं, हालांकि इस दौरान बारिश के आसार नहीं हैं।

नोएडा में सोमवार आधी रात के बाद धूल भरी आंधी के साथ जिस तरह मौसम बदला है, उसका सबसे ज्यादा असर बिजली आपूर्ति पर पड़ा। नोएडा के 20 से ज्यादा सेक्टरों में मंगलवार सुबह तक बिजली गुल रही। इस कटौती का असर ग्रामीण क्षेत्रों पर भी ज्यादा पड़ा। आंधी का सबसे ज्यादा असर उन सेक्टरों में हुआ जहां बिजली तारों के आसपास पेड़ की डालियां बड़ी हो गई हैं। इनकी छंटाई का काम नहीं हुआ है। बिजली कटौती के कारण कुछ सेक्टरों में लोग पानी की परेशानी भी जूझे। बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है, मौसम सामान्य होते ही जहां से भी बिजली की शिकायत मिली उसे दूर करने में कर्मचारियों की टीम जुट गई। मंगलवार को 12 बजे तक जिन-जिन सेक्टरों में मौसम के कारण आपूर्ति बाधित हुई थी उसे दूर करने का काम पूरा हो गया।

3 दिनों तक गर्म हवाओं के बने आसार : गाजियाबाद में मौसम मंगलवार को कुछ बदला रहा। सुबह धूलभरी आंधी के बाद पूरे दिन हल्की धूप रही, जिससे गर्मी कम महसूस हुई। आने वाले 3 दिनों तक तेज गर्म हवाओं के आसार बन रहे हैं, धूल भी उड़ेगी। अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं।